बरेली।
बरेली की लाइफलाइन कहे जाने वाले चौपला पुल की मरम्मत अब फास्ट ट्रैक पर। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में काम की समीक्षा की और साफ शब्दों में चेतावनी दी—10 दिन में काम खत्म करो, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
शहर की नस है चौपला पुल
DM ने कहा कि चौपला पुल शहर की सबसे अहम यातायात धुरी है। रोजाना हजारों वाहन और आम लोग इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में मरम्मत में जरा भी ढिलाई या क्वालिटी से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए कि पुल के सभी ज्वाइंट्स की मरम्मत अगले 10 दिनों के भीतर हर हाल में पूरी कर आवागमन बहाल किया जाए। काम तय मानकों और तय समय में पूरा होना चाहिए।
युद्धस्तर पर चल रहा काम
बैठक में मौजूद कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि चौपला पुल पर मरम्मत का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। टीम दिन-रात जुटी है और तय समयसीमा के अंदर काम पूरा कर लिया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक मरम्मत पूरी होने के बाद 17 जून 2026 से पुल को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद शहर का ट्रैफिक लोड कम होगा और लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
सुरक्षा पर फोकस, रोज होगी निगरानी
DM अविनाश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि काम की रोजाना निगरानी की जाए। सुरक्षा मानकों का पूरा पालन हो, ताकि मरम्मत के बाद पुल पर सुरक्षित और सुचारु यातायात चल सके।
उन्होंने कहा कि बरेलियनों की सहूलियत सर्वोपरि है। पुल बंद होने से शहरवासी परेशान हैं, इसलिए काम में देरी या घटिया क्वालिटी किसी भी सूरत में मंजूर नहीं।
17 जून से खुलेगा रास्ता
अब सबकी नजर 17 जून पर टिकी है। अगर काम समय पर पूरा हुआ तो चौपला पुल फिर से शहर की रफ्तार पकड़ेगा। तब तक लोगों को वैकल्पिक रास्तों से ही काम चलाना होगा।