राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम कटनी द्वारा संचालित विद्यालयों के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर 2026 का शुभारंभ शुक्रवार को साधूराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को खेल, कला, संस्कृति, संगीत, नृत्य एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें नई दिशा देने का अवसर प्रदान करते हैं।
निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि नगर निगम की यह पहल विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों की तर्ज पर अतिरिक्त गतिविधियों में भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से शिविर का भरपूर लाभ उठाने की अपील की।
मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम संचालित विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। ए. रविन्द्र राव स्कूल के छात्र आकाश निषाद को कक्षा 10वीं में 90.6 प्रतिशत अंक प्राप्त करने तथा के.सी.एस. स्कूल की छात्रा सनिया सिंह को 90.02 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया गया। अन्य मेधावी विद्यार्थियों को भी उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।
प्रतिभा निखारने का मिलेगा मंच
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक क्षमता, आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल, अनुशासन एवं टीम भावना का विकास करना है। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
15 जून तक चलेंगी विविध गतिविधियां
शिविर के अंतर्गत साधूराम उच्च माध्यमिक शाला में वॉलीबॉल, क्रिकेट, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, स्केटिंग एवं कबड्डी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं के.सी.एस. स्कूल में कुकिंग, सेल्फ डिफेंस, पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट एवं शतरंज की गतिविधियां आयोजित होंगी। ए. रविन्द्रनाथ उच्च माध्यमिक शाला में गायन, हारमोनियम, तबला-ढोलक वादन, कथक, वेस्टर्न डांस एवं ऑक्टोपैड प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा।
शिविर का समापन 15 जून 2026 को के.सी.एस. उच्च माध्यमिक शाला में आयोजित किया जाएगा, जहां प्रतिभागी विद्यार्थियों द्वारा अपनी सीखी हुई प्रतिभाओं का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन जागेश्वर प्रसाद पाठक ने किया तथा आभार प्रदर्शन सहायक यंत्री आदेश जैन ने व्यक्त किया। इस अवसर पर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।