दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जोरूखाड़ टोला बगबियानी के पास बुधवार को मिले 24 वर्षीय रजनीकांत गोंड पुत्र स्व अश्वनी गोंड निवासी पतरिया के शव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुरागों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी दिनेश पुत्र जीत सिंह निवासी ग्राम केवाल को घटनाक्रम के मात्र आठ घंटे के भीतर पकड़ लिया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त चापड़, मृतक का मोबाइल फोन और खून सने कपड़े बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार बुधवार को जोरूखाड़ के सड़क किनारे जंगल में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मौके पर मृतक की मोटरसाइकिल भी पड़ी मिली। परिजनों की तहरीर के आधार पर विंढमगंज थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने स्थानीय सूचना तंत्र व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तफ्तीश तेज की ।अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) ऋषभ रुणवाल ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात स्वीकार की है। जांच में पता चला है कि दिनेश को अपनी पत्नी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मृतक रजनीकांत के साथ कथित चैट और बढ़ती नजदीकियों का शक था। कुछ समय पहले हुए विवाह के बाद यह शक धीरे‑धीरे रंजिश में बदल गया। इसी तनाव के कारण दिनेश ने रजनीकांत को बहाना बनाकर जंगल की ओर बुलाया और सुनसान जगह पर पहले से छिपाकर रखे चापड़ से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे रजनीकांत की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने मृतक का मोबाइल लेकर छिपा दिया तथा हत्या में प्रयुक्त चापड़ और खून सने कपड़े झाड़ियों में छिपा दिए। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ये सभी साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने पर घटनाक्रम व कारण और स्पष्ट हो पाएंगे। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।