किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
सरगुजा।
छत्तीसगढ़ के मैनपाट क्षेत्र में पीलिया (जॉन्डिस) के बढ़ते प्रकोप ने चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र में पीलिया से अब तक तीन लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कई मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रभावित गांवों में लगातार नए मरीज मिल रहे हैं। मरीजों में कमजोरी, बुखार, उल्टी, भूख न लगना और आंखों व त्वचा का पीला पड़ना जैसे लक्षण देखे जा रहे हैं। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है। टीम द्वारा घर-घर सर्वे, स्वास्थ्य जांच और लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही पेयजल स्रोतों की जांच कर स्वच्छ पानी के उपयोग की सलाह दी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से उबला या शुद्ध पानी पीने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा पीलिया के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है। प्रभावित क्षेत्रों में दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता भी बढ़ाई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बीमारी के कारणों की जांच की जा रही है और संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।