सोनभद्र। ‘सेवा संकल्प अभियान’के तहत सोमवार को राबर्ट्सगंज स्थित प्राचीन पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर में स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया गया। अभियान में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई की तथा उसे प्लास्टिक मुक्त बनाने का प्रयास किया। अभियान के दौरान करीब 1000 किलोग्राम प्लास्टिक एकत्र किया गया। इससे प्राप्त 2500 रुपये की राशि मंदिर के रख रखाव के लिए समर्पित की गई।
स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर में दो डस्टबिन भी स्थापित किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन का दायित्व नहीं, बल्कि सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को आदत बनाने, जनभागीदारी बढ़ाने और स्वच्छ सुंदर सोनभद्र के संकल्प को साकार करने की अपील की।