राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त तीन भारी वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान दो डंपर और एक हाइवा वाहन को पकड़ा गया। जांच में ई-ट्रांजिट पास (ईटीपी) में दर्ज मात्रा से अधिक रेत का परिवहन किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद वाहनों को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में बीती रात विभिन्न मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई, जहां ई-ट्रांजिट पास और वास्तविक खनिज भार का मिलान किया गया।
जांच के दौरान तीनों वाहनों में निर्धारित सीमा से अधिक रेत परिवहन करना पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर खनिज अमले ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर लिया।
जोहिला क्षेत्र में कार्रवाई, एनकेजे थाने में खड़े कराए गए वाहन
खनिज विभाग की कार्रवाई में हाइवा क्रमांक CG-04-PB-6082 तथा डंपर क्रमांक MP-21-G-0686 और MP-21-H-0720 को ग्राम जोहिला क्षेत्र से पकड़ा गया। जब्त किए गए सभी वाहनों को पुलिस थाना एनकेजे की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
कलेक्टर न्यायालय में पेश होंगे मामले
जब्त वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सभी मामलों को अग्रिम सुनवाई एवं दंडात्मक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
अवैध खनिज कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन, ओवरलोडिंग और शासन के राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।