महाराष्ट्र वाशिम जिल्हे के रिसोड शहर से एक सनसनीखेज और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 7 लाख 24 हजार 500 रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रिसोड शहर के अनंत कॉलोनी क्षेत्र में रहने वाले अमोल खडसे कुछ दिन पहले अपने पैतृक गांव शेलू खडसे गए हुए थे। उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर कीमती सामान चोरी कर लिया।
चोरी गए सामान में लगभग 5 लाख 24 हजार 500 रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 2 लाख रुपये नकद शामिल हैं। इस तरह कुल 7 लाख 24 हजार 500 रुपये का माल चोर अपने साथ ले गए।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह चोरी शुक्रवार देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही रिसोड पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।
इस मामले में रिसोड पुलिस थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
रिसोड शहर में हुई इस बड़ी चोरी की घटना से नागरिकों में भय का माहौल है। वहीं पुलिस के सामने चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
प्रताप नागरे की रिपोर्ट