किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
धमतरी।
धमतरी पुलिस की सतर्क चेकिंग के दौरान अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। सिहावा पुलिस ने परिवार का रूप धारण कर यात्रा कर रहे तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चों के साथ सफर कर रहे संदिग्धों की जांच की गई। तलाशी लेने पर उनके पास से 18 किलो 626 ग्राम गांजा बरामद हुआ। तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अमेज कार, तीन मोबाइल फोन और गांजा सहित करीब 14 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। सभी आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक जांच में यह मामला अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस अब तस्करी के स्रोत, गंतव्य और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही, बच्चों के साथ यात्रा किए जाने के पहलू की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।