राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में थाना कुठला पुलिस को शनिवार को दोहरी सफलता हाथ लगी। एक ओर पुलिस ने चोरी हुए लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के ट्रक को महज कुछ घंटों में बरामद कर लिया, वहीं दूसरी ओर समर्सिबल पम्प चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कैलवारा कला निवासी रामजी पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक MP-20-HB-4961, जो पटेल ढाबा के पास खड़ा था, अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया है। शिकायत पर थाना कुठला में अपराध दर्ज कर तत्काल पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम की सहायता से वाहन की लोकेशन सरलानगर-भदनपुर मार्ग पर ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला मैहर क्षेत्र से चोरी गया ट्रक बरामद कर लिया। वाहन की पहचान मालिक एवं साक्षियों द्वारा किए जाने के बाद उसे विधिवत जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। मामले में शामिल अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।
इसी तरह दूसरे मामले में चाका निवासी शुभम बर्मन की रिपोर्ट पर पुलिस ने समर्सिबल पम्प चोरी के प्रकरण की जांच की। प्रार्थी ने बताया था कि अज्ञात चोर पम्प हाउस का ताला तोड़कर सीआरआई कंपनी का 7.5 एचपी समर्सिबल पम्प, तीन चेम्बर, 16 रॉड एवं छह पाना चोरी कर ले गए थे।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने लमतरा फाटक निवासी आकाश यादव (24 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी गया समर्सिबल पम्प बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में संपन्न हुई। कार्रवाई में उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, सुनील पाण्डेय, नरेन्द्र पटेल, ताहिर खान तथा आरक्षक मनोज सिंह, विजय प्रजापति, पुष्पेन्द्र त्रिपाठी एवं दुर्गेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।