ओडिशा के मयूरभंज जिले से, जहाँ राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
बारिपदा के शहीद स्मृति भवन में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन राज्यव्यापी अभियान “विकास की धारा, ओडिशा सारा” के तहत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद के मुख्य विकास अधिकारी एवं कार्यकारी अधिकारी धर्मानंद बेहरा ने की। इस अवसर पर राज्य सरकार के पिछले दो वर्षों के विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी पहलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, छात्र-छात्राओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि दूरदर्शी नेतृत्व, जनकेंद्रित नीतियों और समावेशी विकास के कारण ओडिशा ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय कल्याण, आधारभूत संरचना, रोजगार सृजन और युवा विकास जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
गोष्ठी में डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव, बुनियादी सेवाओं के विस्तार तथा कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि ओडिशा की विकास यात्रा को और मजबूत बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है
इस अवसर पर विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा सूचना एवं विकास कार्यों से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए, जहाँ सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई। उपस्थित लोगों ने राज्य सरकार के विकास प्रयासों की सराहना करते हुए ओडिशा के समग्र विकास के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी शांतनु कुमार नायक ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
कैमरामैन के साथ हिमांशु शेखर प्रहराज, स्टेट हेड, मयूरभंज।