नाबालिक से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, गर्भवती होने पर हुआ खुलासा
जिला ब्यूरो चीफ : शिशिर शर्मा (सोनभद्र)
ओबरा पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पॉक्सो एक्ट के तहत की गई। अभियुक्त को 18 जून 2026 को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त भरतलाल पर एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म करने और उसे डराने-धमकाने का आरोप है। डर के कारण पीड़िता ने शुरुआत में अपने परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी। बाद में, पीड़िता के गर्भवती होने का पता चलने पर परिजनों ने ओबरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत के आधार पर, 17 जून 2026 को थाना ओबरा में मु.अ.सं. 133/2026 के तहत धारा 65 (1), 64(2) (एम), 351(3) बीएनएस और 5J (2) L/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर और मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत यह त्वरित कार्रवाई की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए, ओबरा पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त भरतलाल (पुत्र रामभरोष, उम्र लगभग 28 वर्ष) को 18 जून 2026 को सुबह करीब 06:05 बजे ग्राम परसोई टोला गाड़ापाथर से गिरफ्तार किया। अभियुक्त बैरपुर टोला सागरदह, पोस्ट कनहरा, थाना ओबरा, जनपद सोनभद्र का निवासी है। अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सदानन्द राय,निरीक्षक अपराध शमशेर सिंह यादव और कांस्टेबल प्रवीण कुमार राय शामिल थे।