योग की ऊर्जा से गूंजा फरीदपुर, प्रशासन, पुलिस और उद्योग जगत ने लिया ‘स्वस्थ भारत’ का संकल्प
फरीदपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर फरीदपुर की धरती ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना से सराबोर हो गई। तहसील परिसर, कोतवाली परिसर और द्वारिकेश चीनी मिल में एक साथ गूँजे शंखनाद और सूर्य नमस्कार ने यह साबित कर दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारत की वह चेतना है जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और समाज को जोड़ती है। तहसील परिसर में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, एसडीएम रामजन्म यादव, तहसीलदार प्रशांत अवस्थी और समस्त कर्मचारीगण ने एकजुट होकर भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि योग हमारी सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह व्यक्ति को शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक स्थिरता प्रदान कर राष्ट्र निर्माण की नींव रखता है। कोतवाली परिसर में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर हुए आयोजन ने वर्दी के अनुशासन को योग की एकाग्रता से जोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी राधेश्याम के नेतृत्व और क्राइम इंस्पेक्टर चमन सिंह भडाना की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों व जवानों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने कहा, “तनाव और भागदौड़ के इस दौर में योग पुलिसकर्मियों को शारीरिक शक्ति के साथ मानसिक शांति और त्वरित निर्णय की क्षमता देता है। क्राइम इंस्पेक्टर चमन सिंह भडाना ने कहा,नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को भीतर से मजबूत बनाकर सकारात्मक सोच और कर्तव्यनिष्ठा को नई ऊर्जा देता है। पूरे परिसर में अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मिक शांति का अद्भुत संगम देखने को मिला। द्वारिकेश चीनी मिल परिसर में भी योग का उत्सव गरिमामय माहौल में मनाया गया। जीएम टेक्निकल वी.बी. सिंह, सहायक आबकारी आयुक्त मनोज कुमार, डीजीएम सुधीर कुमार सिंह, एजीएम अनूप जोशी, द्वारिकेश धाम की मेडिकल टीम और सैकड़ों कर्मचारियों ने सामूहिक योग करके ‘स्वस्थ जीवन, स्वस्थ कार्य संस्कृति’ का संदेश दिया। प्रशासन, पुलिस और उद्योग जगत की इस त्रिवेणी संगम ने योग दिवस को केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जन-जागरण का महाअभियान बना दिया। कार्यक्रम ने एक स्वर में कहा स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। पूरे दिन फरीदपुर में योग की ऊर्जा, सामूहिक चेतना और ‘स्वस्थ भारत, सशक्त भारत’ के संकल्प की गूँज सुनाई देती रही।