बलिया।
नगरा कस्बे में आयोजित एक सांस्कृतिक एवं जनसभा कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी फिल्म जगत के सुपरस्टार पवन सिंह और गोरखपुर से सांसद व अभिनेता रवि किशन की एक झलक पाने के लिए हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम के समापन के समय मंच के समीप पहुंचने की होड़ में अफरा-तफरी मच गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन जैसे ही पवन सिंह और रवि किशन मंच से जाने लगे, बड़ी संख्या में मौजूद लोग मंच के करीब पहुंचने का प्रयास करने लगे। इस दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कई कुर्सियां टूट गईं। भगदड़ जैसे हालात में कुछ लोगों को चोटें भी आईं तथा कई लोगों के सिर फूटने की सूचना है।
स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठियां भांजीं। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्था बहाल हो सकी।
कार्यक्रम में भोजपुरी गायक एवं अभिनेता पवन सिंह तथा भाजपा सांसद रवि किशन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। दोनों कलाकारों का मंच पर जोरदार स्वागत किया गया और उनके संबोधन व प्रस्तुति का लोगों ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया। हालांकि कार्यक्रम के अंत में अव्यवस्था के कारण आयोजन की चर्चाएं पूरे क्षेत्र में होती रहीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।