बसवा। भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन सोमवार को राधा रानी गार्डन, बसवा में आयोजित किया गया। सम्मेलन में निकाय चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। वार्ड संख्या 1 से 25 तक कुल 152 संभावित प्रत्याशियों ने समिति के पदाधिकारियों के समक्ष आवेदन फार्म जमा करवाए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक भागचंद टाकड़ा ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी जिसे भी अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित करे, उसके सामने उसके परिवार से कोई भी व्यक्ति चुनाव नहीं लड़े।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के साथ मजबूती से खड़े होने और उसे विजय दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष लक्ष्मी जी रेला, जिला उपाध्यक्ष डॉ. सोमेश विजय, निकाय चुनाव प्रभारी एडवोकेट खेमचंद जी शर्मा, पृथ्वीराज सिंह भांडेडा, मंडल अध्यक्ष मुकेश जी मीणा और गौरी देवी पाटन सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी की एकजुटता का संदेश देते हुए “एक टिकट—एक प्रत्याशी—एकजुट भाजपा—विजय का संकल्प” का आह्वान किया।
रिपोर्टर — चेतन सैनी, बांदीकुई।
