ITN न्यूज चैनल रिपोर्टर लक्ष्मण राम
रामदेवरा। ग्राम पंचायत रामदेवरा के जालोखा गांव स्थित सुथारों की ढाणी में आजादी के बाद से आज तक विद्युत कनेक्शन नहीं मिल पाया है। दशकों से अंधेरे में जीवन जीने को मजबूर ग्रामीणों को बिजली के अभाव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग निगम लिमिटेड, पोकरण की ओर से वर्ष 2023 में सुथारों की ढाणी को विद्युत कनेक्शन से जोड़ने के लिए टेंडर जारी किया गया था, लेकिन विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते दो वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक कार्य पूरा नहीं हो पाया। टेंडर प्रक्रिया के बाद भी धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
बिजली नहीं होने से स्कूली बच्चों की पढ़ाई सबसे अधिक प्रभावित हो रही है। आगामी दिनों में बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, लेकिन अंधेरे में पढ़ाई करना बच्चों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। वहीं, मोबाइल चार्जिंग, पंखा, कूलर, पानी की मोटर जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों का दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। मजबूर होकर ग्रामीणों ने एक बार फिर जनप्रतिनिधियों और विद्युत विभाग के अधिकारियों से जल्द विद्युत कनेक्शन दिलाने की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक आजादी के इतने वर्षों बाद भी अंधेरे में जी रहे सुथारों की ढाणी के लोगों को रोशनी नसीब कराता है।
इनका कहना पिछले तीन-चार वर्षो से हम विद्युत विभाग कार्यालय पोकरण के चक्कर काट रहे हैं लेकिन विभाग अधिकारियों की ओर से हमें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया नहीं हमारी समस्या को सुना गया!