राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पडरभटा में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के दौरान फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की रात ग्राम पडरभटा में पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान एक आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। हालांकि पीड़ित ने समय रहते आरोपी का हाथ झटक दिया, जिससे गोली ऊपर की ओर निकल गई और बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीछा कर दो आरोपियों को दबोच लिया, जबकि तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीलेश उर्फ सत्यम उर्फ निहाल चौधरी और मनीष कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस ने नीलेश चौधरी के कब्जे से एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी विवेक हल्दकार सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पूरे मामले की विवेचना स्लीमनाबाद थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।