राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में मानसून के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं और अघोषित बिजली कटौती को रोकने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है। उद्यान और विद्युत शाखा की संयुक्त टीम शहरभर में बिजली लाइनों से सटी खतरनाक पेड़ों की टहनियों की ट्रिमिंग कर रही है।
अब तक बरगवां से पीरबाबा मुख्य मार्ग सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में 53 से अधिक खतरनाक टहनियों को हटाया जा चुका है। निगम का कहना है कि बारिश और तेज़ हवा के दौरान शाखाएं टूटकर बिजली के तारों पर गिरने से शॉर्ट सर्किट, तार टूटने, पोल क्षतिग्रस्त होने और लंबे समय तक बिजली बाधित रहने जैसी समस्याएं सामने आती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जोखिम वाले स्थानों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी क्षेत्र में बिजली लाइन के ऊपर झुका हुआ या जर्जर पेड़ दिखाई दे, तो इसकी सूचना निगम के कंट्रोल रूम 07622-231772 या संबंधित वार्ड कार्यालय में दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।