राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। उमरियापान थाना पुलिस ने स्कूल जा रही एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और पीछा करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को उमरियापान थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग छात्रा स्कूल जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसका पीछा करते हुए छेड़छाड़ की। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी साजन वासुदेव (20 वर्ष), सचिन वासुदेव (26 वर्ष) और विशाल वासुदेव (21 वर्ष), निवासी सलैया फाटक, थाना स्लीमनाबाद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक भरत सिंह मार्को, सहायक उपनिरीक्षक कोदूलाल दहिया, प्रधान आरक्षक आशीष मेहरा, आरक्षक सत्येंद्र, रोहित, नीलेश तथा महिला आरक्षक दुर्गा शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।