ITN news मप्र नरसिंहपुर
जिला ब्यूरो चीफ संजय साहू
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में जिले में संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0″ अभियान के तहत सोमवार को शासकीय महिला महाविद्यालय, युवा संगम, नेहरू स्कूल एवं उत्कृष्ट स्कूल में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय विभाग के कलापथक दल, नुक्कड़ नाटक दल एवं कठपुतली नृत्य के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। प्रस्तुतियों ने युवाओं को नशे से दूर रहने का प्रभावी संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग की साइबर सेल के श्री कुमुद पाठक ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, बैंक फ्रॉड एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सतर्कता एवं जागरूकता से ही इन अपराधों से बचा जा सकता है। आरआई ट्रैफिक श्री प्रियंक सराठिया ने सड़क सुरक्षा नियमों एवं राहवीर योजना के संबंध में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता के साथ-साथ साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के प्रति भी सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया।