ITN news MP narsinghpur jila व्यूरो चीफ संजय साहू
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, सपनों को दी नई उड़ान
जिले के शासकीय विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने नीट- 2026 में सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। इन होनहार विद्यार्थियों के सम्मान में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यह सफलता उनके कठोर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में अपने जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी लगन और दृढ़ संकल्प से बड़ी उपलब्धियाँ हासिल कर रहे हैं, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
सम्मानित विद्यार्थियों में सीएम राइज स्कूल करेली की वैष्णवी सोनी, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सालीचौका रोड के नीरज अहिरवार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धामना की काजल बरसैया एवं चंदा चौधरी, पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करेली की दूर्वा तिवारी, संदीपनी विद्यालय साईंखेड़ा की आर्या बारोलिया, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करेली बस्ती की साक्षी साहू, एक्सीलेंस विद्यालय नरसिंहपुर की पारुल साहू एवं सुहानी विश्वकर्मा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवरी की शिवानी चौधरी, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमगांव बड़ा की पिंकी जाटव, सीएम राइज स्कूल गोटेगांव के महेंद्र मेहरा तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरिया की जिया लोधी एवं साक्षी लोधी शामिल रहे।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा, डायट प्राचार्य श्री राजीव किशोर श्रीवास्तव, बीईओ श्री बृजेश शर्मा, श्री मुकेश साहू, श्री तरुण मालवीय, श्री मनीष शर्मा, श्रीमती सीमा दीक्षित, श्रीमती सुभावना पांडे सहित संबंधित विद्यालयों के शिक्षकगण एवं अभिभावकगण मौजूद थे। कार्यक्रम में अधिकारियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बनेगी। सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।