किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
दुर्ग। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत जामुल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 43 पाव अवैध शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी और विदेशी शराब बरामद कर उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीडीसी चौक पुलिया के पास आदिवासी नगर, छावनी क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पिंटू बिषार (35 वर्ष), निवासी खुर्सीपार, दुर्ग के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 35 पाव सुपर-36 मसाला शराब और 8 पाव बेस्टो रेयर व्हिस्की सहित कुल 43 पाव अवैध शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 7.740 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 4,460 रुपये बताई गई है।
आरोपी शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।