बारिपदा, 14 जुलाई 2026। मयूरभंज जिले के बड़साही प्रखंड अंतर्गत यदुनाथपुर स्थित पूर्णचंद्र उच्च विद्यालय परिसर में वन महोत्सव के अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की सहभागिता से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम प्रख्यात आध्यात्मिक साधक, मानवतावादी चिंतक एवं सुप्रसिद्ध लेखक डॉ. चंद्रभानु शतपथी की प्रेरणा से आयोजित किया गया। उनके द्वारा नवाक्षरी छंद में रचित “श्रीगुरु भागवत” के नवम खंड में वर्णित पर्यावरण संतुलन संबंधी संदेश को आधार बनाकर इस अभियान को आगे बढ़ाया गया।
यदुनाथपुर निवासी स्वर्गीय पूर्णचंद्र साहू द्वारा प्रदत्त भूमि तथा उनके नाम पर स्थापित इस विद्यालय के वर्तमान अध्यक्ष रवि नारायण साहू के मार्गदर्शन में विद्यालय परिसर में लीची, जामुन, अमरूद, करमंगा, संतरा, नींबू, विभिन्न प्रजातियों के आम तथा बेर सहित अनेक फलदार पौधे लगाए गए। साथ ही पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदय कुमार साहू ने प्रथम पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर सहायक शिक्षक संजय कुमार मिश्रा, विद्यालय के अन्य शिक्षक, कर्मचारी तथा सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस वृक्षारोपण कार्यक्रम की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।
रिपोर्ट : हिमांशु शेखर प्रहराज, मयूरभंज।