भरण-पोषण की ₹2.16 लाख राशि नहीं देने पर न्यायालय ने जारी किया था स्थाई वारंट
मंदसौर। फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दलौदा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महाराष्ट्र के मुंबई से एक फरार स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीलफाटा, मुंबई पहुंचकर आरोपी को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीणा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी मंदसौर सुश्री कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दलौदा उनि रविन्द्र प्रताप डाँगी एवं पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
2023 से गिरफ्तारी से बच रहा था आरोपी
मामला माननीय कुटुंब न्यायालय मंदसौर के प्रकरण क्रमांक 291/19, धारा 125(3) दप्रस. से संबंधित है। पुलिस के मुताबिक प्रकरण में सद्दाम पिता सत्तार मंसुरी, निवासी ग्राम अमलावद, को न्यायालय के आदेशानुसार भरण-पोषण की राशि ₹2,16,000 अदा करनी थी। राशि का भुगतान नहीं करने तथा न्यायालय में पेशी पर उपस्थित नहीं होने के कारण न्यायालय द्वारा उसे फरार घोषित किया गया।
इसके बाद 23 नवंबर 2023 को उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया गया था। वारंट जारी होने के बाद से आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचता हुआ फरार चल रहा था।
मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्य से मुंबई में मिला ठिकाना
दलौदा पुलिस को मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के मुंबई, महाराष्ट्र में फरारी काटने की जानकारी मिली। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम मुंबई के सीलफाटा पहुंची और वहां से फरार स्थाई वारंटी सद्दाम पिता सत्तार मंसुरी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम अमलावद, थाना दलौदा, जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय कुटुंब न्यायालय मंदसौर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में उनि रविन्द्र प्रताप डाँगी, थाना प्रभारी दलौदा, सउनि प्रमोद सिंह तोमर एवं प्र.आर. अजित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला ब्यूरो चीफ मंदसौर रामप्रसाद धनगर गुर्जर पत्रकार की खास खबर