रितेश कुमार ब्यूरो चीफ बालोद छत्तीसगढ़
बालोद/डौण्डी, 23 अगस्त 2026। डौण्डी थाना पुलिस ने दोना-पत्तल मशीन उपलब्ध कराने के नाम पर तीन महिला स्व-सहायता समूहों से करीब 3.89 लाख रुपये लेने और मशीन उपलब्ध नहीं कराने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम औराटोला निवासी श्रीमती लोकेश्वरी साहू ने थाना डौण्डी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम औराटोला में संचालित प्रेरणा स्व-सहायता समूह, जय मां स्व-सहायता समूह और जय बुढादेव स्व-सहायता समूह के सदस्यों ने दोना-पत्तल मशीन खरीदने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा, शाखा नर्राटोला से ऋण लिया था।
आरोप है कि तीनों समूहों तथा ग्राम कामता निवासी हेमिन भुआर्य से कुल ₹3,89,000 की राशि लेकर खेमेन्द्र कुमार सेन ने 3 दिसंबर 2025 को मशीन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया था। शिकायत के मुताबिक, राशि लेने के बाद भी मशीन उपलब्ध नहीं कराई गई और रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर टालमटोल की जाती रही।
शिकायत के आधार पर थाना डौण्डी में अपराध क्रमांक 113/2026, धारा 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार करने के बाद खेमेन्द्र कुमार सेन पिता बलद राम सेन, उम्र 33 वर्ष, निवासी खल्लारी, थाना गुंडरदेही, जिला बालोद को 23 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल बालोद दाखिल कराया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण चौव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक उमा ठाकुर, सउनि दुर्जन लाल रावटे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक संजय सिंह, प्रआर 1697 अरविंद यादव, आरक्षक 179 पुकेश साहू, आरक्षक 314 भुवनेश्वर यादव एवं आरक्षक 352 ईश्वर भण्डारी की सक्रिय भूमिका रही।