✍️ इंडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
सूरजपुर के कोटबहरा जंगल में हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। लटोरी चौकी क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े के शव जंगल में पेड़ से लटके मिले। दोनों एक ही दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटके हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
जंगल में पेड़ से लटके मिले शव
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक-युवती एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मंगलवार सुबह दोनों के शव कल्याणपुर के कोटबहरा जंगल में एक पेड़ से लटके हुए मिले। स्थानीय लोगों की नजर पड़ने के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल दोनों के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस दोनों के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।