ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के मार्गदर्शन तथा जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रत्नेश कुमार और जिला विज्ञान समन्वयक राहुल जैन के निर्देशन में जनपद में संचालित विज्ञान बस नाराहट स्थित स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज पहुंची। विज्ञान बस के पहुंचने पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आईआईटी कानपुर द्वारा निर्मित तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, लखनऊ, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित विज्ञान बस का विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अवलोकन किया। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज नाराहट, श्री छत्रसाल जिला परिषद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नाराहट, सरस्वती विद्या मंदिर नाराहट, स्वामी विवेकानंद किंडर वर्ल्ड स्कूल नाराहट, पूर्व कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय नाराहट, संविलियन पूर्व माध्यमिक विद्यालय डोंगरा खुर्द और पटेल ग्रामोत्थान बालिका इंटर कॉलेज बनयाना के कुल 540 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक उमाकांत मिश्र ने कहा कि विज्ञान बस के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान को केवल पुस्तकीय ज्ञान के रूप में पढ़ने के बजाय प्रयोग और गतिविधियों के जरिए समझने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। उन्होंने विज्ञान प्रसार से जुड़े इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, तर्कशीलता और नवाचार की भावना विकसित करना तथा उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों से परिचित कराना है। जिला विज्ञान क्लब ललितपुर द्वारा वैज्ञानिक सोच और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जनपद के विभिन्न विद्यालयों तक ऐसे कार्यक्रम पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य राजीव पुरोहित सहित राहुल पटेल, विज्ञान प्रवक्ता संजीव कुशवाहा, रूपेन्द्र परिहार, हरिसेवक नामदेव, ऋषि पांडे, मुकेश तिवारी बनयाना, पुरुषोत्तम गोस्वामी, आलोक त्यागी, अनिल यादव, सोनू राज, माधव राजपूत, विवेक श्रीवास, इंदु तिवारी, शिवानी बुन्देला, कामना, प्रतिभा और दीक्षा सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।