रक्षाबंधन पर भाई-बहन के प्रेम के साथ राष्ट्र रक्षा का संकल्प
ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय संस्थान ने पत्रकार भवन में मनाया आध्यात्मिक रक्षाबंधन महोत्सव
सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर रक्षाबंधन का पर्व तुरकौलिया प्रखंड सहित पूरे पूर्वी चंपारण जिले में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के प्रतीक इस पर्व पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की।
इसी क्रम में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय संस्थान, कृष्णा नगर, मोतिहारी के तत्वावधान में नगर भवन के पीछे स्थित पत्रकार भवन में विशेष रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान की बहनों ने उपस्थित लोगों को राखी बांधकर देश और समाज की रक्षा, आपसी प्रेम, भाईचारे तथा सुख-शांति का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। वक्ताओं ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।