✍️ इंडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर विश्व मानवाधिकार परिषद (WHRC) की महिला विंग द्वारा दुर्ग जिला अंतर्गत पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं जवानों से भेंट-मुलाकात की गई। इस दौरान पुलिस जवानों, थाना प्रभारियों एवं महिला थाना प्रभारी को रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक महोदय से मुलाकात कर विश्व मानवाधिकार परिषद द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं मानवाधिकार संबंधी कार्यों का विवरण भी प्रस्तुत किया। संगठन की ओर से पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया।
छत्तीसगढ़ की सुश्री एडवोकेट पायल पोपटानी, राष्ट्रीय अध्यक्ष (लीगल सेल) एवं राष्ट्रीय प्रभारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल में विश्व मानवाधिकार परिषद के पदाधिकारियों ने थाना परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों को राखी बांधी और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस जवान समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन-रात अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। त्योहारों के दौरान जब अधिकांश लोग अपने परिवार के साथ खुशियां मनाते हैं, उस समय भी पुलिसकर्मी सड़कों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात रहकर अपनी ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में पुलिस जवानों के प्रति सम्मान और अपनत्व व्यक्त करना समाज की जिम्मेदारी है।
रक्षा सूत्र बांधने की इस पहल को पुलिस जवानों के प्रति सम्मान, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का सकारात्मक संदेश बताया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस जवानों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके सुख-समृद्धि एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष कुलवंत सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुश्री सरोज सिंह नांगवशी, प्रदेश सचिव RTI सेल किशोर कुमार, प्रदेश महासचिव नवल किशोर अत्रोलिया एवं जिलाध्यक्ष (महिला विंग) के. अरुणा सहित विश्व मानवाधिकार परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।