शुभम मित्तल शामली
शामली। अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना झिंझाना और स्वाट (SWAT) टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कैराना रोड स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास हुई एनकाउंटर में 50-50 हजार रुपये के दो इनामी शार्प शूटर ढेर हो गए। बदमाशों के साथ हुई इस मुठभेड़ में स्वाट टीम के दो जवान भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी शूटर मोहित और सुमित गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस दोनों को तत्काल उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली ले गई, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दो स्वाट जवान भी हुए घायल
बदमाशों द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग का जवाब देते हुए स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
हथियार, बाइक और नकदी बरामद
घटनास्थल से पुलिस को दो पिस्टल, जिंदा व खोखा कारतूस, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बैग, मोबाइल और ₹5,000 नकद बरामद हुए हैं।
बदमाशों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, ढेर हुए शूटर मोहित पर हरियाणा में हत्या और लूट जैसे करीब 14 संगीन मामले दर्ज हैं, वहीं सुमित के खिलाफ 1 मुकदमा दर्ज है। पुलिस की टीम दोनों के अन्य आपराधिक नेटवर्क और इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।