वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वाराणसी और आजमगढ़ के दौरे पर रहेंगे। आजमगढ़ में निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री वाराणसी पहुंचेंगे और गंगा-वरुणा के बढ़े जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद वह शिवपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज के बाढ़ राहत शिविर में पहुंचकर प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे और राहत सामग्री वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार वह शाम 4:10 से 4:50 बजे तक वाराणसी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद पुलिस लाइन पहुंचेंगे। शाम करीब 5:15 बजे शिवपुर के विद्या विहार इंटर कॉलेज स्थित बाढ़ राहत शिविर में पहुंचकर प्रभावित परिवारों से संवाद करेंगे और उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराएंगे। गुरूवार को प्रधानमंत्री मोदी भी फ़ोन से जायजा ले चुके है।बाढ़ के विषय में डीएम और महापौर से फ़ोन पर वार्ता किये थे। गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चल रही है।
आजमगढ़ में श्रद्धांजलि के बाद काशी आएंगे
काशी पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री आजमगढ़ के बरदह स्थित जिबली गांव जाएंगे। यहां गोरखपुर क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष विनोद राय की मां के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह वाराणसी के लिए रवाना होंगे।
कालभैरव और विश्वनाथ मंदिर में करेंगे दर्शन
राहत शिविर के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 6 बजे वहां से रवाना होंगे। करीब 6:30 बजे कालभैरव मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद 6:50 बजे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम है। यहां से मुख्यमंत्री सीधे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर शुक्रवार को अवकाश के बावजूद प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुटे रहे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हवाई सर्वेक्षण और राहत शिविर में उनके कार्यक्रम को देखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सितंबर के दूसरे सप्ताह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को देखते हुए भी मुख्यमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आदर्श यादव वाराणसी