बारीपदा, 16/09/2026: मयूरभंज जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सलाहकार मंडली ने जिला शिक्षा अधिकारी पूर्ण चंद्र सेठी तथा अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी गौतम कुमार पात्र से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संघ की ओर से जिले के प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई तथा पांच सूत्री मांगपत्र सौंपा गया।संघ की प्रमुख मांगों में सेवानिवृत्ति के दिन ही शिक्षकों को उनके सभी देय लाभ प्रदान करना, लेवल-5(ए) से एबीईओ तक की पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाना, जीपीएफ निकासी एवं इंक्रीमेंट प्रदान करने के लिए राशि वसूली बंद करना, एक शिक्षक वाले विद्यालयों में रिक्त पदों को भरना तथा उच्च विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को कक्षा छठी से आठवीं तक अध्यापन कार्य देने के लिए आदेश जारी करना शामिल है।विशेष रूप से मयूरभंज जिले में शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी पूर्ण चंद्र सेठी ने कहा कि आगामी 21 सितंबर को होने वाली सुनवाई के बाद पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष दिलीप कुमार पात्र, महासचिव सुनील कुमार बोड़, सलाहकार आरत कुमार परिड़ा एवं बिमल कुमार आचार्य, उपाध्यक्ष गायत्री बेहरा एवं बनमाली नायक, संगठन सचिव ललित कुमार बेहरा एवं चंद्रावती महांत, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार दे, जिला संयोजक चंद्र मोहन बेहरा, जोनल सचिवा सबिता रानी बाग तथा सक्रिय सदस्य संजय सर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।संघ के पदाधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। जिला शिक्षा अधिकारी श्री सेठी ने संघ की सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। यह जानकारी संघ के मीडिया संयोजक सोमनाथ सिंह ने दी।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।