खुर्जा बुलंदशहर। थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव मूर्तजाबाद भटवारा में बृहस्पतिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। सुबह करीब 9:30 बजे अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर हंगामा व प्रदर्शन किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूर्तजाबाद भटवारा निवासी 30 वर्षीय निशा अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी अलिवा को दवाई दिलाने के लिए खुर्जा जा रही थीं। बाइक पर उनका 22 वर्षीय देवर शारुख, अफसाना (35) और मासूम बेटी अलिवा भी सवार थे। गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर को रास्ता देने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और निशा सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि बाइक पर सवार देवर, बच्ची और अन्य महिला बाल-बाल बच गए। मृतका के पति सलमान नोएडा की एक निजी कंपनी में मजदूरी करते हैं। निशा अपने पीछे दो मासूम बच्चों 4 वर्षीय पुत्र फैजान और 1.5 वर्षीय पुत्री अलिवा—को छोड़ गई हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीण और परिजन उचित मुआवजे तथा आरोपी ट्रैक्टर चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कमान संभाली और ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है।
शोभित कुमार, क्षेत्राधिकारी (सीओ) खुर्जा ने बताया कि “थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के भटवारा में सुबह करीब 9:30 बजे ट्रैक्टर से टकराकर महिला की दुखद मृत्यु हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। ग्रामीणों को नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई और सहायता का आश्वासन दिया गया है, क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।”