मुंगेली में रेडक्रॉस की जनसेवा को मिलेगी नई गति, राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने ली समीक्षा बैठक
रायपुर, 28 सितंबर 2026। इंडिया रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू ने मुंगेली में जिला शाखा की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जनसेवा एवं मानवीय सहायता के कार्यों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में रक्तदान, नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, सदस्यता विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं, नशा उन्मूलन, टीबी एवं एड्स जागरूकता, सड़क सुरक्षा तथा आपदा एवं मानवीय सहायता से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में रेडक्रॉस ब्लड बैंक के संचालन एवं सुदृढ़ीकरण, जिला रेडक्रॉस कार्यालय की व्यवस्था, शासकीय भूमि आवंटन तथा जिला अंगदान समिति के गठन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही JRC-YRC की गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को मानवीय सेवा से जोड़ने पर जोर दिया गया।
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता कर जीवन बचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘थैंक यू सर्टिफिकेट’ एवं प्रोत्साहन की व्यवस्था तथा ‘सुरक्षा मित्र’ जैसी जनभागीदारी आधारित पहल के माध्यम से सड़क सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने कहा कि रेडक्रॉस जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता और मानवीय संवेदना पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने जिला शाखा की गतिविधियों को अधिक संगठित और जनकेंद्रित बनाने के साथ स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के साथ बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस शाखा अध्यक्ष अमृत विकास टोप्पो, वाइस चेयरमैन रक्तदान उपसमिति बालाराम साहू, राज्य प्रबंध समिति सदस्य गिरीश कुर्रे, जिला चेयरमैन महीपाल सिंह, वाइस चेयरमैन संजीव गौरहा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सचिव केश कुमार गुप्ता तथा जिला संगठन अधिकारी मोहन लाल पटेल उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से मुंगेली जिले में रेडक्रॉस की आगामी गतिविधियों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को मानवीय सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों से जोड़ने का संकल्प लिया गया।


