झांसी: त्योहारों के मद्देनजर जिले में आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जनपद में सड़कों की मरम्मत, पैचवर्क और नवीनीकरण कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए हैं कि आगामी त्योहारों से पूर्व सड़कों को पूर्णतः गड्ढा मुक्त किया जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विलंब होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
प्राथमिकता के आधार पर तय की गई समयसीमा
बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD), नगर निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY), आवास विकास परिषद, मंडी समिति और एनएचएआई (NHAI) के अधिकारी शामिल हुए। जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के लिए निम्नलिखित लक्ष्य और समयसीमा निर्धारित की है:
-
जल निगम और नगर निगम: नगर सीमा के अंतर्गत जल निगम द्वारा पाइपलाइन डालने के कारण प्रभावित 97 किमी सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए टीम गठित की गई है। अगले 10 दिनों में जल निगम को 27 किमी सड़क गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य दिया गया है। तय समय में कार्य न होने पर नगर निगम स्वयं कार्य कराकर इसका व्यय जल निगम से वसूलेगा।
-
लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड): स्टेट हाईवे और प्रमुख जिला मार्गों (MDR) के लिए 10 अक्टूबर तथा अन्य जिला मार्गों (ODR) के लिए 20 अक्टूबर तक का समय तय किया गया है।
-
लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-3): मोंठ-समथर मार्ग, गुरसराय-कोटरा मार्ग और बेदोरा मार्ग समेत कुल 248 किमी सड़कों के गड्ढा मुक्ति का कार्य 20 अक्टूबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने चेतावनी दी है कि कार्यों का औचक भौतिक सत्यापन स्वयं उनके द्वारा किया जाएगा और गुणवत्ता में कमी मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
-
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY): लंबित पैच मरम्मत के कार्यों को हर हाल में 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
आवास एवं विकास परिषद: एनएच-27 से मेरी रोड और लहर की देवी मार्ग पर ब्लैकटॉप का शेष कार्य अगले 10 दिनों में पूरा करने को कहा गया है।
-
मंडी विभाग: अत्यधिक क्षतिग्रस्त सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने के लिए 3 दिनों के भीतर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
एनएचएआई (NHAI): मेडिकल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए त्योहारों से पूर्व सुगम यातायात के लिए तत्काल मेटलिंग कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
‘डे-टू-डे’ मॉनिटरिंग के लिए व्हाट्सएप ग्रुप का गठन
कार्य में पारदर्शिता और गति लाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को एक संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए हैं। इस ग्रुप पर सभी अधिशासी अभियंता और विभागाध्यक्ष कार्यों की ‘बिफोर’ (Before) और ‘आफ्टर’ (After) फोटोग्राफ्स तथा दैनिक प्रगति रिपोर्ट साझा करेंगे, जिसके आधार पर कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी।
बैठक में नगर आयुक्त श्री ए. सूदन, सीडीओ श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, एडीएम प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, सचिव जेडीए श्री गौरव शुक्ला, सहित अन्य प्रमुख विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।