अकोदिया।
जल-जन और सेवा संकल्प यात्रा के दौरान अकोदिया नगर में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने सेवा यात्रियों के साथ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, वाराणसी सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से यात्रा में शामिल हुए सेवा यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया।
इसके बाद यात्रा रानी बड़ोद स्थित चित्रकूट धाम पहुंची, जहां मंत्री परमार ने यात्रा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा देश के अलग-अलग क्षेत्रों को जोड़ने और समाज में सेवा की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। भारत की विविधता में एकता और सामूहिक शक्ति ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने यात्रा में शामिल सेवा यात्रियों का मध्यप्रदेश की धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि अलग-अलग प्रदेशों से आए लोगों के बीच प्रेम और आत्मीयता देश की एकता को मजबूत करती है।
मंत्री परमार ने स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वच्छता को जनअभियान बनाया गया। गांवों में शौचालय निर्माण से लेकर स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने तक व्यापक स्तर पर कार्य हुआ है। उन्होंने जल संरक्षण और वर्षा जल को रोकने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांवों में तालाब और जलस्रोतों के संरक्षण की परंपरा को आगे बढ़ाकर जल संकट से निपटने के प्रयास किए जाने चाहिए।
यात्रा प्रभारी अश्विनी सिंह ने भी यात्रा के उद्देश्यों और देश के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने की बात कही। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन मंडलोई, मंडल अध्यक्ष अरविंद परमार सहित कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।