NH-30 के 22 किलोमीटर हिस्से का SP ने किया निरीक्षण, ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने के निर्देश
बालोद, 29 सितंबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने थाना पुरूर क्षेत्र के अंतर्गत NH-30 मार्ग के करीब 22 किलोमीटर हिस्से का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान पूर्व में हुए सड़क हादसों के स्थानों और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का मौके पर जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने मड़कोटला घाटी, राजाराव पठार, जगतरा टोल प्लाजा, बालोदघाट मोड़, ग्राम पुरूर दुर्गावती चौक, ग्राम चिटौद हनुमान मंदिर के पास, चिटौद हाउसिंग बोर्ड मोड़ और पुट्टू ढाबा के आसपास NH-30 का निरीक्षण किया। उन्होंने इन स्थानों पर दुर्घटनाओं के संभावित कारणों और सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सड़क संकेतक, स्टॉपर और अन्य सुरक्षा उपाय लगाने के निर्देश दिए गए। मड़कोटला घाटी में रात्रि के समय दृश्यता बेहतर करने के लिए सोलर लैंप लगाने का सुझाव भी दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों और राहगीरों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की। संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान SDOP गुरूर माया शर्मा, थाना प्रभारी पुरूर जन्मेजय पाण्डेय, यातायात प्रभारी नवीन बोरकर, SDO (NHAI) एस.के. द्विवेदी और सब इंजीनियर राकेश नेताम मौजूद रहे।


