दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव से गुजरने वाले रेलवे ट्रैक पर शनिवार की अलसुबह एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में युवक का शव दो टुकड़ों में मिला, जबकि उसका हाथ और चेहरा भी अलग-अलग दूर पाया गया।
घटना धनौरा गांव के वार्ड संख्या 9 में रेलवे ट्रैक के पोल संख्या 75/2 और 75/04 के पास हुई। सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रैक पर शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंच गए। घटना रेलवे ट्रैक के मध्य में होने के कारण पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए जीआरपीएफ टीम को सूचना दी गई।मृतक के पास से बरामद मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान सुनील भुइया (22) पुत्र विजय भुइया निवासी ग्राम धूमा थाना विंढमगंज के रूप में हुई। हालांकि पुलिस अभी पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि करने में जुटी है। स्थानीय पुलिस मृतक के पास मिले मोबाइल फोन और उसके आधार पर सामने आए विवरण की कड़ियां जोड़ते हुए घटना की जांच कर रही है।
घटना की खबर गांव में फैलते ही घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी सीएचसी के मर्चरी घर भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस मौजूद गांव के ग्रामीणों व परिजनों ने बताया कि सुनील भुइया अपने घर के पड़ोसी गोरख पुत्र सोमारू की सगाई में दुद्धी के खजूरी गांव निवासी मंगल भुइया के यहां सगाई कार्यक्रम में बारात आया था। मृतक दो भाइयों में बड़ा था और अविवाहित था। उसकी एक विवाहित बहन है। वह बाहर मेहनत मजदूरी करने जाता था, जो अभी घर पर ही रहता था।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
