उप लोकायुक्त मध्यप्रदेश श्री नरेंद्र प्रताप सिंह ने विष्णुपद में विधिक सहायता केंद्र का किया निरीक्षण
गया। उप लोकायुक्त, मध्यप्रदेश श्री नरेंद्र प्रताप सिंह आज सपरिवार पिंडदान के लिए गया जी पहुंचे। पिंडदान के पश्चात उन्होंने विष्णुपद मंदिर क्षेत्र में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गया द्वारा संचालित विधिक सहायता केंद्र स्टॉल का भ्रमण किया।
इस अवसर पर उन्होंने विधिक सहायता केंद्र पर पिंडदान के लिए आए तीर्थयात्रियों से बातचीत की तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से पिंडदानी तीर्थयात्रियों के बीच पेयजल, लस्सी एवं बिस्कुट का वितरण भी किया गया।
श्री नरेंद्र प्रताप सिंह ने शिविर में उपस्थित पारा विधिक स्वयंसेवकों एवं पदाधिकारियों से विधिक सहायता संबंधी कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने आम लोगों, विशेषकर जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग तक निःशुल्क विधिक सहायता और कानूनी जागरूकता पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने पिंडदानियों की सुविधा के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा लगाए गए विधिक सहायता केंद्र की सराहना की तथा पितृपक्ष मेला के दौरान जिला प्रशासन द्वारा किए गए सुविधा एवं प्रबंधन कार्यों के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
इस दौरान विधिक सहायता केंद्र पर उपस्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास , एवं पारा विधिक स्वयंसेवको द्वारा तीर्थयात्रियों को विधिक सहायता एवं उपलब्ध सेवाओं के संबंध में जानकारी भी प्रदान की गई।
- रिपोर्टर – त्रिलोकी नाथ गयाजी बिहार