35 से अधिक छात्राएं बीमार, अस्पताल में भर्ती
मयूरभंज, 8 अक्टूबर। मयूरभंज जिले के बड़साही ब्लॉक अंतर्गत माणत्री स्थित अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास विभाग (SSD) के बालिका हाईस्कूल हॉस्टल में डायरिया और उल्टी से हड़कंप मच गया। हॉस्टल में रहने वाली 35 से अधिक छात्राएं अचानक उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती हुई हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात छात्राओं ने हॉस्टल में रात का भोजन करने के बाद सो गई थीं। देर रात अचानक कुछ छात्राओं को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हुई। देखते ही देखते बीमार छात्राओं की संख्या बढ़कर 35 से अधिक हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से बीमार छात्राओं को प्राथमिक उपचार के लिए माणत्री स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां स्थान की कमी तथा कुछ छात्राओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल बड़साही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थानांतरित किया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों की विशेष टीम बीमार छात्राओं का इलाज कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी छात्राओं की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि खाद्य विषाक्तता (फूड पॉइजनिंग) या दूषित पेयजल के कारण छात्राएं बीमार हुई होंगी। हालांकि, वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद मयूरभंज जिलाधिकारी तत्काल अस्पताल पहुंचे और बीमार छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को छात्राओं को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने माणत्री स्थित एसएसडी बालिका हॉस्टल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हॉस्टल की रसोई, डाइनिंग हॉल तथा पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। हॉस्टल में छात्राओं को दिए जाने वाले भोजन और पेयजल के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।