बलरामपुर
नीति आयोग के आकांक्षात्मक जिला कार्यक्रम के तहत बलरामपुर देश का नंबर-1 जिला बन गया है। ‘चैंपियन ऑफ चेंज’ डैशबोर्ड पर देश के 112 आकांक्षात्मक जनपदों की ओवरऑल रैंकिंग में बलरामपुर ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में शासन द्वारा नामित विशेष सचिव (युवा कल्याण एवं खेल) कुमार विनीत ने जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की उपस्थिति में प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कमजोर संकेतकों पर समयबद्ध सुधार के सख्त निर्देश दिए।
विभागवार प्रगति पर एक नजर:
स्वास्थ्य एवं पोषण: प्रथम तिमाही ANC पंजीकरण (99.89%), ICDS पूरक आहार (99.50%), गंभीर एनीमिया उपचार (100%) और पूर्ण टीकाकरण (100.15%) रहा। संस्थागत प्रसव व क्रियाशील FRU के गैप को तुरंत दूर करने को कहा गया।
शिक्षा: विद्यालयों में 100% बुनियादी ढांचा उपलब्ध है। निर्देश दिए गए कि इसका सीधा फायदा बच्चों की उपस्थिति, शिक्षा की गुणवत्ता और ड्रॉप-आउट रेट में कमी के रूप में दिखना चाहिए।
कृषि एवं जल संसाधन: ₹215.8 करोड़ का कृषि ऋण वितरित किया गया और फसल बीमा आच्छादन 100% रहा। सूक्ष्म सिंचाई का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बुनियादी ढांचा व डिजिटल सेवा: ग्राम पंचायतों में 100% इंटरनेट कनेक्टिविटी, 98.36% CSC कवरेज और पीएम आवास में 97.13% प्रगति दर्ज हुई।
वित्तीय समावेशन: मुद्रा ऋण, पीएम सुरक्षा व जीवन ज्योति बीमा की समीक्षा कर बैंकों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
रणनीति बनाकर काम करने के निर्देश
विशेष सचिव ने कहा कि बेहतर प्रदर्शन के आधार पर नीति आयोग से अतिरिक्त धनराशि भी मिली है। अब कम प्रगति वाले सूचकांकों के लिए विशेष रणनीति बनाकर काम किया जाए। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने अधिकारियों को हिदायत दी कि दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन, डेटा की शुद्धता और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सीएमओ, उपायुक्त मनरेगा समेत सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो चीफ बलरामपुर कृष्ण माथुर