सोनभद्र। आकांक्षा समिति की अध्यक्ष आरुषी मिश्रा की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में ‘हमारी कीर्ति’ अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत दशहरा और दीपावली के अवसर पर जनपदवासियों से कीर्ति और गौरी के लिए अपनी इच्छानुसार सामग्री अथवा सहयोग देने की अपील की गई।
अध्यक्ष आरुषी मिश्रा ने कहा कि समाज के सहयोग से दोनों बच्चियों के जीवन में खुशियां और अपनत्व लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से इस पहल से जुड़कर सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में महिलाओं के हुनर को बाजार उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। प्रेरणा समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे ‘सोन अर्थ’ उत्पादों की ब्रांडिंग और प्रचार-प्रसार के माध्यम से उन्हें प्रदेश और देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
अभियान के माध्यम से बाल संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। समिति की ओर से जरूरतमंद बच्चों की मदद और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आगे भी कार्यक्रम चलाने की बात कही गई।
