दुद्धी (सोनभद्र)।धान के खेत में सिंचाई कर रहे एक किसान को अज्ञात सर्प ने डस लिया। समय पर अस्पताल पहुंचने से फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
जनपद के ग्राम कचनरवा टोला बड़ाप थाना कोन निवासी सीताराम ( 55) पुत्र स्व. भुल्लन सिंह रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अपने खेत में पानी की सिंचाई का काम कर रहे थे।इसी दरमियान एक खेत से दूसरे खेत में जाते वक्त खेत के मेढ़ के पास छिपे एक अज्ञात सांप ने उनके बाहिने पैर में काट लिया।
अचानक हुए हमले से किसान अचंभित रह गए। आसपास देखने पर जब कुछ नजर नहीं आया, तो सांप काटने की आशंका होने पर उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी।
परिजनों ने बिना देर किए तत्परता दिखाई और उन्हें निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
चिकित्सक के अनुसार, पीड़ित की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उन्हें एहतियात के तौर पर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।