श्रीराम-केवट संवाद, गंगा पार और ऋषियों के आश्रमों से होते हुए चित्रकूट पहुंचे प्रभु श्रीराम
खैरगढ़, फिरोजाबाद। कस्बा खैरगढ़ में आयोजित बाल रामलीला महोत्सव में भगवान श्रीराम के वनवास से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने श्रीराम-केवट संवाद, गंगा पार जाने और भारद्वाज सहित अन्य ऋषियों के आश्रमों से होते हुए चित्रकूट निवास तक की लीला का भावपूर्ण मंचन किया।
लीला के दौरान केवट की प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा और भक्ति का प्रसंग आकर्षण का केंद्र रहा। इसके बाद भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के गंगा पार करने तथा ऋषि-मुनियों के आश्रमों में पहुंचने के प्रसंगों को प्रस्तुत किया गया। अंत में चित्रकूट में निवास की लीला का मंचन हुआ।
रामलीला के प्रसंगों ने दर्शकों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, त्याग, मर्यादा और भक्तों के प्रति प्रेम का संदेश दिया। मंचन के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते नजर आए।
रिपोर्टर अमित पालीवाल
