मंडी (हिमाचल प्रदेश): कमांद-मंडी मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जहां एक चलती टैक्सी कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। गनीमत यह रही कि कार से धुआं निकलते ही चालक और उसमें सवार सभी यात्रियों ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत गाड़ी से बाहर कूद गए, जिससे सभी की जान सुरक्षित बच गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुई गाड़ी टैक्सी नंबर (कमर्शियल) थी। जैसे ही गाड़ी कमांद-मंडी रोड पर पहुंची, उसमें से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी रोकी और सवारियों समेत सुरक्षित बाहर निकल गया। इसके कुछ ही पलों बाद आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गाड़ी पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी। इस हादसे में केवल वाहन को नुकसान पहुंचा है और सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, शुरुआती अंदेशा शॉर्ट सर्किट का जताया जा रहा है।
