सोनभद्र। जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्री-कॉन्सेप्शन एंड प्री-नेटल डायग्नोस्टिक टेक्निक्स (पीसीपीएनडीटी) आवेदनों के निस्तारण को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ रमेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में पोर्टल पर प्राप्त नौ ऑनलाइन आवेदनों की समीक्षा की गई।
बैठक में नौ में से केवल चार केंद्रों के चिकित्सक ही उपस्थित हुए। इस पर नाराज सीएमओ ने स्पष्ट कहा कि अगली बैठक में सभी संबंधित संस्थानों के चिकित्सकों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने पर संबंधित आवेदन निरस्त करने की चेतावनी भी दी गई।
सीएमओ ने सभी पीसीपीएनडीटी पंजीकृत संस्थानों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें और आवेदनों के निस्तारण में कोई लापरवाही न बरतें। बैठक में आवेदनों की समयबद्ध समीक्षा एवं अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।