सकीट (एटा)। थाना सकीट क्षेत्र के गांव फतेहपुरा में पारिवारिक विवाद के दौरान 21 वर्षीय युवती ललिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, ललिता के घर पर दाऊ के परिवार के लोगों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दाऊ के परिवार के लोगों ने ललिता के साथ मारपीट कर दी। घटना में उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
ललिता की मौसी नेहा ने भी दूसरे पक्ष के लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
थाना प्रभारी नीतू ने बताया कि घायल युवती को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और प्राप्त शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है। घटना के संबंध में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।