दल्लीराजहरा में सट्टेबाजों पर पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार; ₹2,582 नगद जब्त
बालोद, 19 अक्टूबर 2026। बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा-पट्टी की तीन पर्चियां, तीन डॉट पेन और कुल 2,582 रुपये नगद जब्त किए हैं। तीनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को टाउन पेट्रोलिंग और अपराध पतासाजी के दौरान थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई माइंस रोड स्थित शहीद अस्पताल के सामने हुई, जहां पुलिस ने कमल रामटेके (45 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 19, राजहरा को कथित तौर पर सट्टा-पट्टी लिखते पकड़ा। उसके कब्जे से 882 रुपये नगद, एक पर्ची और एक डॉट पेन बरामद किया गया।
दूसरी कार्रवाई रेलवे क्रॉसिंग चिखलाकसा के पास की गई। यहां पुलिस ने राजाराम आरदे (62 वर्ष), निवासी ग्राम कारूटोला, थाना राजहरा को सट्टा-पट्टी लिखने के आरोप में पकड़ा। उसके पास से 500 रुपये नगद, एक पर्ची और एक डॉट पेन जब्त किया गया।
इसी स्थान पर की गई तीसरी कार्रवाई में केशव राम मंडावी (35 वर्ष), निवासी ग्राम कारूटोला, थाना राजहरा को पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1,200 रुपये नगद, एक सट्टा-पट्टी पर्ची और एक डॉट पेन बरामद किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देश तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा विकास पाटले के मार्गदर्शन में की गई।
राजहरा पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध जुआ-सट्टा, शराब बिक्री और नशीले पदार्थों के कारोबार जैसी गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की है।



