झांसी: आगामी 1 नवंबर 2026 को जनपद में आयोजित होने वाले विशाल “मेगा विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर” को भव्य एवं प्रभावी बनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से शनिवार को विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी) श्रीमती कमलेश कच्छल के मार्गदर्शन तथा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी (मेगा शिविर) श्री शरद कुमार चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रभारी सचिव/सिविल जज (सी.डि.) श्री मुन्ना लाल एवं मुख्य विकास अधिकारी (CDO) श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड विशेष रूप से उपस्थित रहे।
‘सिंगल विंडो सिस्टम’ की तर्ज पर मिलेगा लाभ
नोडल अधिकारी श्री शरद कुमार चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यह मेगा शिविर पात्र व्यक्तियों के सशक्तीकरण का प्रभावी माध्यम बने। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव या प्रक्रियागत जटिलताओं के कारण ग्रामीण व निर्धन वर्ग योजनाओं से वंचित न रहे। इसके लिए शिविर को ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ की तर्ज पर आयोजित कर समाज के अंतिम व्यक्ति, वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, निराश्रित महिलाओं, किसानों एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को मौके पर ही लाभ उपलब्ध कराया जाए।
विभागीय स्टॉल लगाकर बांटे जाएंगे उपकरण व प्रमाण-पत्र
प्रभारी सचिव श्री मुन्ना लाल ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों की सूची समय रहते तैयार कर ली जाए। शिविर स्थल पर विभागीय स्टॉल लगाकर न केवल योजनाओं की जानकारी दी जाए, बल्कि पात्र लोगों को उपकरण, प्रमाण-पत्र, स्वीकृति पत्र एवं अन्य अनुमन्य लाभ तुरंत प्रदान किए जाएं। उन्होंने शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार ग्रामीण स्तर तक कराने पर जोर दिया।
विभागीय समन्वय पर सीडीओ का जोर
मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग एवं ग्राम्य विकास विभागों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक को पात्रतानुसार सुगमता से लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में यह रहे मौजूद
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के प्रतिनिधि, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का स्टाफ उपस्थित रहा।
