पिथौरागढ़।
नगर निगम पिथौरागढ़ की ओर से नया बाजार वार्ड में महर्षि वाल्मीकि पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा होने के बाद शनिवार को मेयर कल्पना देवलाल ने पार्क का विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान वार्ड पार्षद करन सिंह सहित सम्मानित क्षेत्रवासी मौजूद रहे। लोकार्पण के बाद पार्क को आम नागरिकों को समर्पित किया गया।
मेयर कल्पना देवलाल ने कहा कि नगर निगम शहर के विभिन्न पार्कों को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के साथ ही नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। नया बाजार वार्ड के निवासियों की ओर से लंबे समय से पार्क के सौंदर्यीकरण की मांग की जा रही थी, जिसे नगर निगम ने पूरा कर लिया है।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि पार्क के सौंदर्यीकरण से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को स्वच्छ एवं सकारात्मक वातावरण मिलेगा। पार्क में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, साइनेज और नागरिकों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था की गई है। इससे क्षेत्रवासियों को सुविधा मिलने के साथ ही पार्क का बेहतर उपयोग भी हो सकेगा।
कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी, पार्षद नीरज जोशी, नवीन लाल वर्मा, डीआर राज, रवि जंग, मयूर नागी, अभियंता नंदाबल्लभ पांडेय, अभियंता गिरीश जोशी, सेक्टर हेड अनिल कुमार, निर्मल सोन, हेमा मेहता, भावना ऐर, राजेंद्र वाल्मीकि, प्रेरणा कपूर, पूरन लाल और राजू कुमार सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कपिल भट्ट : पिथौरागढ़
