लोकेशन गोंडा
गोंडा। जनपद के रायल पैराडाइज मैरिज हॉल में मंगलवार, 28 अक्टूबर को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विकासखंडों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों से पंजीकृत कुल 190 जोड़ों में से 161 जोड़ों का विवाह पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में 146 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ, जबकि 15 जोड़ों का इस्लामिक पद्धति से निकाह कराया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, सांसद गोंडा एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री के प्रतिनिधि यूपी सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना है। सरकार की मंशा है कि किसी भी गरीब परिवार की बेटी आर्थिक अभाव के कारण विवाह से वंचित न रहे।
योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े पर 64 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान बताया गया। इसके साथ ही नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है। इसमें स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, वधू के लिए पांच साड़ियों का सेट, वर के लिए पैंट-शर्ट, दीवार घड़ी और सौंदर्य प्रसाधन किट सहित अन्य सामग्री शामिल है।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, संबंधित खंड विकास अधिकारीगण तथा अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
जिला गोंडा रिपोर्ट: वैभव शुक्ला
पद चीफ ब्यूरो
